कनाडा और अलास्का की क्रूज यात्रा कराने का झांसा देकर इंदौर के एक परिवार से 14 लाख 38 हजार रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने एक महिला को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने कम खर्च में वीजा, होटल बुकिंग, क्रूज रिजर्वेशन और एयर टिकट दिलाने का भरोसा दिलाया और रकम लेने के बाद परिवार को फर्जी टिकट और पीएनआर थमाकर फरार हो गई।
पुलिस के अनुसार, पलासिया क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित परिवार ने 17 जुलाई 2026 को आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार कनाडा और अलास्का क्रूज की योजना बना रहा था, इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात आरोपी पूजा सिंह उर्फ तिवारी से हुई। फरीदाबाद के सेक्टर-29 की निवासी 28 वर्षीय आरोपी महिला खुद को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताकर विदेश यात्रा के पैकेज दिलाने का झांसा देती थी।
पीड़ित परिवार ने नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच आरोपी के पति के बैंक खाते में आरटीजीएस, चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 8 लाख 67 हजार 947 रुपये जमा किए। इसके अलावा मेकमायट्रिप और एयरबीएनबी के माध्यम से होटल व टिकट बुकिंग के नाम पर 5 लाख 70 हजार रुपये लिए गए। इस तरह आरोपी ने कुल 14 लाख 38 हजार 2 रुपये हड़प लिए। यात्रा की तारीख नजदीक आने पर आरोपी ने वीजा और वास्तविक टिकट उपलब्ध नहीं कराए और परिवार को भरोसे में रखने के लिए बायोमेट्रिक की गलत तारीख बताकर फर्जी एयर टिकट व पीएनआर नंबर दे दिया। टिकटों की पड़ताल में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया और परिवार से संपर्क तोड़ लिया।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी महिला को सोमवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ठगी की रकम बरामद करने के लिए उससे पूछताछ कर रही है और उसके पति की भूमिका की भी जांच कर रही है, क्योंकि रकम उसके बैंक खाते में जमा कराई गई थी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिला ने अन्य लोगों को भी विदेश यात्रा के नाम पर इसी तरह ठगा है या नहीं।
