संभल जिले के पंवासा ब्लाक के गांव लधनपुर निवासी 59 वर्षीय शिक्षामित्र सुखबीर सिंह ने स्पेशल टीईटी परीक्षा पांचवें प्रयास में उत्तीर्ण कर ली है। वे अमावती के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं और उनकी सेवानिवृत्ति में महज एक साल शेष है। इसके बावजूद उन्होंने परीक्षा की तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी।
पहले चार प्रयासों में उन्हें क्रमशः 75, 77, 79 और 80 अंक मिले, जबकि परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए 82 अंक अनिवार्य थे। हर बार लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचकर भी असफलता हाथ लगी, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा। आखिरकार पांचवें प्रयास में उन्होंने 150 में से 94.81 अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। सुखबीर सिंह की सफलता उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो उम्र या बार-बार मिलने वाली असफलता को अपनी राह का रोड़ा मान लेते हैं। उन्होंने बता दिया कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जो आखिरी कोशिश तक मैदान में डटे रहते हैं।
