ओडिशा में अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर ने यह पूर्वानुमान जारी किया है। फिलहाल राज्य में हल्की ठंड ही महसूस की जा रही है और अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। बुधवार को आसमान साफ रहने की संभावना है, जबकि सुबह के समय कुछ जिलों में कोहरा छा सकता है। एक दिसंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और इसके बाद भी दो से तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में नवंबर के अंतिम दिनों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई थी, लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई नया पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है। कुछ मौसम मॉडल के अनुसार, संभावित कम दबाव का क्षेत्र श्रीलंका और तमिलनाडु की ओर बढ़ सकता है।

बुधवार सुबह कटक, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, केंदुझर, कोरापुट और खुर्दा जिलों के कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर और कोरापुट जिलों के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा दर्ज किया गया।