लाहौल-स्पीति में दीपक ताल झील के पास मंगलवार शाम एक वाहन सड़क से फिसलकर लगभग 60-70 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना 112 आपातकालीन हेल्पलाइन के जरिए पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस चौकी दारचा की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
वाहन संख्या HP01K-9570 में कुल चार लोग सवार थे। इनमें चालक कुल्लू जिले का निवासी था, जबकि अन्य तीन बेंगलुरु के पर्यटक थे। दुर्घटना में चालक, एक महिला और एक बच्चे को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अन्य पुरुष यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर घायल व्यक्ति को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। सड़कों पर ब्लैक आइस और फिसलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए निर्धारित समय सीमा में ही यात्रा करें और गति पर नियंत्रण रखें।
