असम के डिब्रूगढ़ जिले में दुलियाजान ट्रिपल मर्डर केस के दो संदिग्धों पर पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे बालिजन टी एस्टेट में यह एनकाउंटर हुआ। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल मुख्य हथियार बरामद करने ले गई थी। तलाशी के दौरान राजू और अमीर ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को दुलियाजान (कमलाबाड़ी) में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के तौर पर हुई थी। उस शाम एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने उनके घर गया था। दरवाजा न खुलने और अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मुख्य दरवाजा तोड़ा तो घर के तीन अलग-अलग कमरों में तीनों के खून से लथपथ शव बरामद हुए।
आरोपियों की पहचान राजू दास और उसके मौसेरे भाई अमीर दास के तौर पर हुई है। अमीर पेशे से प्लंबर है। राजू दास पिछले करीब सात साल से भुइयां परिवार के घर में किरायेदार और केयरटेकर के रूप में रह रहा था। पुलिस जांच के अनुसार, राजू दास पर ऑनलाइन गेमिंग की वजह से भारी कर्ज था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने लूटपाट की साजिश रची और विरोध करने पर लोहे की रॉड व हथौड़े से हमला करके पूरे परिवार की हत्या कर दी थी।
इससे पहले 4 नवंबर को असम के शिवसागर जिले में पुलिस फायरिंग में गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की मौत हो गई थी। उस पर 26 अक्टूबर को होटल में 5 लोगों की गोली मारकर हत्या का आरोप था। पुलिस के मुताबिक, गोगोई को गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसने सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना में सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा के दाहिने पैर में चोट आई है।
