हथियार बरामदगी के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे पूर्व जदयू नेता बाबर मल्लिक को बिहार पुलिस ने नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, रविवार की रात उसे एक होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद बिहार और लहेरी थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ा।
डीएसपी अमरनाथ ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि बाबर मल्लिक हथियार बरामदगी के एक मामले में लंबे समय से वांछित था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, मामला मई 2025 में हुई हथियारों की बरामदगी से जुड़ा है, जब उसके भाई के घर से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था। इस मामले में बाबर मल्लिक को भी आरोपित बनाया गया था, जिसके बाद से वह फरार था।
छापेमारी दल में बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, पीएसआई परंतु कुमार यादव, पीएसआई सौरभ कुमार और पीएसआई सुमन सौरभ समेत बिहार और लहेरी थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल रही।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाबर मल्लिक से पूछताछ कर रही है। मामले में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
