गुमला जिले में दो सगे भाइयों पर अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर शव सिमडेगा के वीरू जंगल में दफनाने का आरोप लगा है। मृतकों की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया, पति शिव शंकर साहू और 20 वर्षीय राधिका कुमारी, पति नवीन साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने कथित तौर पर जुर्म कबूल कर लिया। शवों की तलाश अब भी जारी है।

जानकारी के अनुसार, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से आपसी संबंध अच्छे नहीं थे। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर समझौता हुआ था, जिसके बाद शिव शंकर और नवीन अपनी-अपनी पत्नी को लेकर समसेरा स्थित घर चले गए थे। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे परिवार के सदस्यों की दोनों महिलाओं से आखिरी बार बातचीत हुई थी, उस समय तक सब कुछ सामान्य बताया गया। इसके बाद परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो सका, जिसके कारण हत्या की वास्तविक तारीख और समय की पुष्टि नहीं हो पाई है।

इसी बीच घर में दोबारा किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर अपनी पत्नियों की हत्या कर दी और शवों को एंबुलेंस में लादकर सिमडेगा थाना क्षेत्र के वीरू जंगल ले जाकर दफना दिया। मंगलवार की शाम दोनों आरोपी अपने सात वर्षीय बच्चे के साथ गुमला थाना पहुंचे और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने कथित तौर पर हत्या और शवों को दफनाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एंबुलेंस को जब्त कर लिया है और कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।

मंगलवार की रात पुलिस की टीम आरोपियों की निशानदेही पर वीरू जंगल पहुंची और शवों की तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद दोनों शव बरामद नहीं हो सके। इसके बाद बुधवार की सुबह शवों की तलाश के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई, जो दोबारा वीरू जंगल पहुंचकर तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस शवों की बरामदगी, हत्या के समय और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। शव बरामद होने और पोस्टमार्टम के बाद ही मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।