इंटरनेट की सुरक्षा को लेकर विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक कुछ AI कंपनियां क्रिप्टोग्राफी से जुड़ी ऐसी खोजें कर चुकी हैं, जो बैंकों और सरकारी संस्थाओं की सुरक्षा को प्रभावित कर सकती हैं। थ्योरिटिकल कंप्यूटर रिसर्चर स्कॉट आरोनसन का कहना है कि पुख्ता संकेत मिल रहे हैं कि AI ने एन्क्रिप्शन तोड़ने में सक्षम पुराने गणितीय सवालों को हल कर लिया है। उन्होंने भरोसेमंद सूत्रों के हवाले से कहा कि AI लैब्स ऐसी कई खोजें कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें दुनिया के सामने नहीं लाया गया है।

फिलहाल हमारी डिजिटल दुनिया पब्लिक-की क्रिप्टोग्राफी और RSA एन्क्रिप्शन पर निर्भर है। सरल भाषा में, पूरा सिस्टम दो बेहद बड़े नंबरों को गुणा करके बनाए गए डिजिटल ताले पर काम करता है। इन नंबरों को गुणा करना आसान है, लेकिन उल्टी गिनती करके मूल संख्याएं पता लगाना साधारण कंप्यूटरों के लिए मुश्किल है। इसी गणित पर बैंकिंग और अन्य वेबसाइट्स की सुरक्षा टिकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक AI ने ऐसे एल्गोरिदम खोजे हैं, जो इन सवालों को तेजी से हल कर सकते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि कल ही हर पासवर्ड या बैंक खाता हैक हो जाएगा। कंप्यूटर साइंस में इस पर शोध चल रहा है कि जिन मुश्किल सवालों के जवाब आसानी से पता लगाए जा सकते हैं, क्या उन्हें उतनी ही तेजी से हल किया जा सकता है। OpenAI से लेकर Anthropic जैसी कंपनियों ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं, लेकिन किसी ने इंटरनेट का सुरक्षा ताला तोड़ने का दावा नहीं किया है। सरकारें भविष्य में क्वांटम कंप्यूटर से होने वाले खतरों के लिए 2032 तक नए और मजबूत नियम तैयार कर रही हैं।

सरे यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर एलन वुडवर्ड ने चेताया है कि जो कंपनियां और बैंक समय रहते अपनी सुरक्षा व्यवस्था को अपडेट नहीं करेंगे, वे आने वाले समय में बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं।