'मिर्जापुर' की सफलता के बाद अली फजल को एक और बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट में काम करने का मौका मिला है। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) और कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (सीबीसी) ने ई.एम. फोर्स्टर के क्लासिक उपन्यास 'अ पैसेज टू इंडिया' पर आधारित पांच भागों की नई टीवी सीरीज की घोषणा की है। इस सीरीज में अली फजल मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। एमी अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर रिची मेहता इस सीरीज के लेखक और निर्देशक हैं। सीरीज की शूटिंग भारत में होगी और इसमें भारतीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी नजर आएंगे।
अली फजल इस सीरीज में भारतीय डॉक्टर डॉ. अजीज का किरदार निभाएंगे। कहानी 1920 के दशक की है, जब ब्रिटिश शासन के दौरान भारत में सामाजिक और राजनीतिक तनाव चल रहा था। अजीज मानते हैं कि अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों के बीच भी सच्चे रिश्ते बन सकते हैं, लेकिन एक विवादित घटना के बाद उनका यह विश्वास परखा जाता है और उनकी जिंदगी बदल जाती है। इसके बाद शुरू होने वाली कानूनी लड़ाई में समाज में गहराई तक फैले भेदभाव और सत्ता से जुड़े मुद्दे सामने आते हैं।
अली के साथ कई जाने-माने अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी इस सीरीज में दिखेंगे। टॉम माइसन टीचर फील्डिंग का किरदार निभाएंगे, जो अजीज के करीबी बन जाते हैं। बाफ्टा अवॉर्ड विजेता एक्ट्रेस फियोना शॉ मिसेज मूर की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि ग्वालिन ली उनके बेटे रोनी और क्लेर ह्यूज्स अदेला का किरदार निभाएंगी। अदेला की भारत यात्रा कहानी की कई अहम घटनाओं की वजह बनती है।
भारतीय कलाकारों में नसीरुद्दीन शाह गोडबोले का किरदार निभाएंगे, जो एक एजुकेशनिस्ट हैं और आध्यात्मिक सोच भी रखते हैं। शहाना गोस्वामी अमृत राव की भूमिका में दिखेंगी, जो एक सफल वकील हैं और भारत में कानून के पेशे में आने वाली शुरुआती महिलाओं में से एक हैं। दानिश हुसैन अजीज के चाचा हमीदुल्लाह का किरदार निभाएंगे, जो उनके करीबी विश्वासपात्र हैं, हालांकि अंग्रेजी शासन को लेकर उनकी सोच अजीज की उम्मीदों से काफी अलग है। अली ने इससे पहले 'विक्टोरिया एंड अब्दुल' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
