अलीगढ़ में दो प्रस्तावित रेल फ्लाईओवर परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इन परियोजनाओं के लिए किसानों को अब तक 427 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 504 करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया है, यानी निर्धारित राशि का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा किसानों तक पहुंच चुका है।

दाऊद खां से महरावल तक प्रस्तावित आरएफओ-1 परियोजना के लिए आठ गांवों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है। इसके लिए 154 करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित है, जिसमें से 132 करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। इस परियोजना से करीब 650 किसान प्रभावित हैं। वहीं, अलीगढ़ से हरदुआगंज तक प्रस्तावित आरएफओ-4 परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया है, जिसमें से 295 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका है। इस परियोजना के दायरे में करीब 1900 किसान आ रहे हैं। दोनों परियोजनाओं को मिलाकर करीब 2550 किसानों को मुआवजा दिया जाना है।

निर्धारित 504 करोड़ रुपये में से 427 करोड़ रुपये वितरित होने के बाद शेष 77 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है। शेष भुगतान के अधिकतर मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। सिटी मजिस्ट्रेट व विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी अतुल गुप्ता ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और अधिकतर मुआवजे का वितरण हो चुका है।

आरएफओ-1 फ्लाईओवर चिरौलिया दाऊदखां, कमालपुर, रहमदपुर गड़मई, पड़ियावली, भदेसीमाफी, सिंधौली, नगला पानखानी और अलीनगर से होकर गुजरेगा। आरएफओ-4 के लिए बरौला जाफराबाद, इलियासपुर, महरावल, चुआवली, बरई, सुभानगढ़ी, सियाखास, रठगांव, इमलौठ, छेरत सुढियाल और खेरूपुर गांवों की जमीन ली जा रही है। इन दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य दाऊद खां, महरावल और हरदुआगंज रेलखंड पर रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाना है। परियोजनाएं पूरी होने पर ट्रेनों के आवागमन को व्यवस्थित करने और रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।