इलाहाबाद हाई कोर्ट ने परिषदीय विद्यालयों में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी पाने वालों की पहचान के लिए शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच का आदेश दिया है। इसके अनुपालन में फिरोजाबाद जिले के 1824 स्कूलों में कार्यरत पांच हजार शिक्षकों के नियुक्ति पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच होगी। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट में कुसुमलता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य मामले में 16 अक्टूबर को पारित आदेश के अनुपालन में की जा रही है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षिक एवं नियुक्ति संबंधी अभिलेखों की जांच और सत्यापन के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं। शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी, डीएलएड, बीएलएड आदि प्रशिक्षण संबंधी प्रमाणपत्र, टेट और सीटेट प्रमाण पत्र तथा नियुक्ति के समय आवश्यक अन्य योग्यता संबंधी दस्तावेज एक सप्ताह में बीएसए कार्यालय में जमा करने हैं।

शिक्षकों को नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में बीएसए या उससे उच्च पद पर कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त निकट संबंधियों का विवरण देना होगा। ऐसा कोई संबंधी नहीं होने की स्थिति में शपथ पत्र में इसका स्पष्ट उल्लेख करना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय प्राप्त अभिलेखों के आधार पर विवरणों की एक्सेल शीट तैयार करेगा और मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स करेगी।

उल्लेखनीय है कि फर्जी नियुक्तियों की जांच के लिए वर्ष 2018 में वर्ष 2011 से हुई भर्तियों के दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की गई थी, जिसमें अनेक शिक्षक संदेह के घेरे में आए और उनका मुकदमा हाई कोर्ट में चल रहा बताया गया है।