नोएडा के शाहपुर गांव में एक पीजी संचालक और उसके बेटे को बिना सी-फॉर्म भरवाए मलेशिया और इंडोनेशिया के विदेशी नागरिकों को ठहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सेक्टर 126 थाना पुलिस ने शनिवार को दोनों के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया।
शाहपुर गांव निवासी ब्रह्म प्रकाश चौहान अपने बेटे दीपांशु चौहान के साथ छह मंजिला, 60 कमरों का पीजी चलाते हैं। करीब चार महीने पहले उन्होंने यह पीजी छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी सुनील कुमार विश्वकर्मा और बुलंदशहर के सुशील भाटी को लीज पर दिया था। एग्रीमेंट सेक्टर 136 की एसकेवी कंपनी प्रबंधन के नाम पर हुआ था। ये दोनों कॉल सेंटर और पीजी दोनों की जिम्मेदारी संभालते थे। पुलिस अभी इन दोनों को पकड़ नहीं पाई है, और सुनील के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो चुका है।
शुरुआती जांच के मुताबिक, पीजी लीज पर देने के एवज में संचालक पिता-बेटे को करीब डेढ़ करोड़ रुपये मिले थे। पुलिस यह पता लगा रही है कि पीजी में विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी संचालकों को किस हद तक थी और उनके पुलिस सत्यापन तथा संबंधित विभागों को सूचना देने की प्रक्रिया में लापरवाही क्यों बरती गई। मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
बता दें कि सी-फॉर्म एक कानूनी दस्तावेज होता है, जिसका इस्तेमाल भारत में मुख्य रूप से होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को देने के लिए किया जाता है।
