भागलपुर जंक्शन पर 75 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण का कार्य शुरू हो गया है, जिसे मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सेंट्रलाइज्ड पैनल का निर्माण शुरू होने के साथ ही स्टेशन विकास की दिशा में काम तेज हो गया है। इस पूरे कार्य में यार्ड आधुनिकीकरण पर 50 करोड़ रुपये और प्लेटफार्म तथा फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के विस्तार पर 25 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि शामिल है।
यार्ड आधुनिकीकरण के तहत ट्रैक के सिग्नल और प्वाइंट शिफ्ट किए जाएंगे तथा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग, सिग्नलिंग सुधार और ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। प्लेटफार्म एक को लोहिया पुल के पास से तोड़कर सीधा और पीछे शिफ्ट किया जाएगा, जिससे प्लेटफार्म दो और तीन को चौड़ा करने की जगह मिलेगी। इस बदलाव से रेल लाइन सीधी हो जाएगी और अभी कर्व तथा काशन के कारण 30 किमी प्रतिघंटा रहने वाली ट्रेनों की रफ्तार बढ़कर 100 किमी प्रतिघंटा हो सकेगी। दो नंबर प्लेटफार्म की रेल लाइन को मेन ट्रैक बनाया जाएगा, जिससे डाउन लाइन की ट्रेनें बिना काशन के तेज रफ्तार से गुजर सकेंगी।
अभी पूर्वी कैबिन में इलेक्ट्रॉनिक और पश्चिमी कैबिन में पैनल इंटरलाकिंग है, जिससे ट्रेन को प्लेटफार्म पर लेने के लिए दोनों कैबिन और स्टेशन मास्टर की स्वीकृति लेनी पड़ती है। लोको कालोनी में दुर्गा स्थान के पास सेंट्रलाइज्ड पैनल बनने और रूट रिले सिस्टम लागू होने से स्टेशन मास्टर अकेले ही ट्रेन को किसी प्लेटफार्म पर लेने और शंटिंग का निर्णय ले सकेंगे। यार्ड में बरसात के जलजमाव से होने वाले हादसों को रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम बनेगा तथा सुरक्षा के लिहाज से तीन नए लेवल क्रॉसिंग गेट लगाए जाएंगे। बड़हरवा से भागलपुर तक प्रस्तावित तीसरी-चौथी लाइन से पहले यह बदलाव किया जा रहा है।
प्लेटफार्म विस्तार और एफओबी की सीढ़ियों को चौड़ा करने का काम रेलवे सुरक्षा आयुक्त की मंजूरी के बाद दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में लोहिया पुल की ओर वाले एफओबी की सीढ़ियां चौड़ी की गई हैं, अब नाथनगर छोर पर काम होगा। अभी प्लेटफार्म संख्या दो, तीन, पांच और छह की लंबाई कम होने से बड़ी ट्रेनें एक और चार पर ली जाती हैं। एडीआरएम मालदा अमरेंद्र कुमार मौर्य के अनुसार पैनल निर्माण के साथ ही स्टेशन विकास का कार्य शुरू हो गया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। कार्यों के दौरान ट्रैफिक ब्लाक लेने के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
