अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दिसंबर 2026 के लिए वीजा बुलेटिन जारी कर दिया है, जिसमें अलग-अलग कैटेगरी में भारतीय वर्कर्स को ग्रीन कार्ड के लिए कितना इंतजार करना होगा, यह बताया गया है। भारतीय वर्कर्स की एक कैटेगरी को थोड़ी राहत मिली है, जबकि बाकी कैटेगरी के कामगारों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। वीजा बुलेटिन में हर ग्रीन कार्ड कैटेगरी और देश के लिए कट-ऑफ डेट्स होती हैं, जो प्रायोरिटी डेट के आधार पर तय होती हैं। नौकरी से जुड़े ज्यादातर मामलों में प्रायोरिटी डेट वह तारीख होती है जब PERM लेबर सर्टिफिकेशन फाइल किया गया था या जब I-140 फाइल किया गया था। अगर प्रायोरिटी डेट कट-ऑफ डेट से पहले की है तो माना जाता है कि बारी आ गई है, वरना इंतजार करना होगा।
वीजा बुलेटिन की दो जरूरी चीजें होती हैं। पहली फाइनल एक्शन डेट, यानी वह तारीख जब ग्रीन कार्ड असल में अप्रूव हो गया है। दूसरी डेट्स फॉर फाइलिंग, यानी वह तारीख जब वर्कर को फॉर्म I-485 जमा करने की इजाजत मिल सकती है। यह आमतौर पर कतार में पहले होती है, इसलिए FAD से आगे चलती है।
जॉब के आधार पर मिलने वाले ग्रीन कार्ड एंप्लॉयमेंट-बेस्ड कैटेगरी में रखे जाते हैं, जिनमें कुल 5 कैटेगरी हैं। इनमें से 3 भारतीयों के लिए जरूरी हैं। EB-1 में टॉप रिसर्चर्स, एग्जिक्यूटिव और असाधारण योग्यता वाले लोग आते हैं। EB-2 अडवांस्ड डिग्री होल्डर और असाधारण क्षमता रखने वाले वर्कर्स के लिए है। EB-3 में स्किल वर्कर्स और प्रोफेशनल्स शामिल हैं, और ज्यादातर H-1B वर्कर्स इसी कैटेगरी का हिस्सा होते हैं।
भारतीय आवेदकों के लिए EB-1 की फाइनल एक्शन डेट 1 फरवरी 2023, EB-2 की 1 नवंबर 2013 और EB-3 की 22 जनवरी 2014 पर है। EB-3 कैटेगरी वालों की तारीखें बदली हैं, क्योंकि उनकी पहली फाइनल एक्शन डेट 1 जनवरी 2014 थी। यानी इस महीने फाइनल एक्शन डेट्स में शुरुआती दो कैटेगरी के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है। चीन के नागरिकों से तुलना करें तो चीन की EB-2 तारीख 1 अक्टूबर 2021 है, जो भारत की 1 नवंबर 2013 की तारीख से लगभग आठ साल आगे है। यह अंतर बताता है कि भारतीयों को लंबा इंतजार क्यों करना पड़ता है, क्योंकि हर देश को वीजा का सीमित कोटा मिलता है और भारत में आवेदकों की संख्या वीजा की संख्या के मुकाबले कहीं ज्यादा है।
