इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 42 साल पुराने आठ वर्षीय बालिका के दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी बृजपाल उर्फ वेदपाल को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त करार दिया है। हाईकोर्ट ने सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश, गाजियाबाद के 18 मई 1984 के फैसले को निरस्त कर दिया, जिसमें आरोपी को हत्या में आजीवन कारावास और दुष्कर्म में 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 27 सितंबर 1982 को आठ वर्षीय कुंता अपने पिता जयदेवा को खाना देने मोहन वाले बाग गई थी। लौटते समय आरोपित बृजपाल उसके पीछे लग गया और अगले दिन बालिका का शव जगवीर सिंह के गन्ने के खेत में मिला। पुलिस जांच में मौके से खून से सनी मिट्टी व कपड़े बरामद हुए थे, जबकि आरोपित के कपड़ों पर भी खून और वीर्य के धब्बे मिलने का दावा किया गया था। मुकदमे के दौरान 11 गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें खेत मालिक जगवीर सिंह ने आरोपित द्वारा अपराध स्वीकारने की बात कही थी।
हालांकि, हाईकोर्ट ने सुनवाई में पाया कि किसी भी गवाह ने घटना के समय आरोपित को बालिका के साथ नहीं देखा था। इसके अलावा, आरोपित के कपड़ों पर मिले धब्बों का मृतका के नमूनों से वैज्ञानिक मिलान भी साबित नहीं हो सका। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वीर्य का नमूना देने से इन्कार करने पर आरोपित के खिलाफ प्रतिकूल निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, क्योंकि संविधान का अनुच्छेद 20(3) किसी व्यक्ति को स्वयं के विरुद्ध साक्ष्य देने के लिए बाध्य करने से संरक्षण देता है।
हाईकोर्ट ने घटना के समय आरोपित की आयु करीब 15 वर्ष होने और किशोर न्याय बोर्ड द्वारा उसे किशोर माने जाने के तथ्यों को भी ध्यान में रखा। इन आधारों पर अदालत ने सजा का आदेश निरस्त कर अपील स्वीकार कर ली।
