यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ जांच पूरी हो गई है। जांच अधिकारी मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने उनके खिलाफ लगे तीनों आरोप सही पाए हैं और अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को यूजीसी के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। दिन भर चली गहमागहमी के बाद देर रात उन्हें निलंबित कर दिया गया था और उनके खिलाफ मंडलायुक्त को जांच अधिकारी बनाया गया था।

जांच में अग्निहोत्री को सरकारी पद पर रहते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने, अधिकारी होते हुए वर्ग विशेष को लेकर टिप्पणी करने और इस्तीफा स्वीकार होने से पूर्व ही डीएम आवास पर धरना प्रदर्शन करने का दोषी पाया गया है।

इधर, अग्निहोत्री का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप जांच में सिद्ध कर दिए गए हैं, ऐसे में अब सरकार उन्हें बर्खास्त कर दे। उन्होंने इसे अपनी लड़ाई का अहम पड़ाव बताते हुए विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाए। अग्निहोत्री के मुताबिक इस्तीफा देने के बाद उनके खिलाफ तीन आरोप पत्र जारी किए गए थे और अब कमिश्नर का पत्र मिलने के बाद जांच के निष्कर्ष सामने आए हैं।

अग्निहोत्री ने इस दस्तावेज को देश का ऐतिहासिक आरोप पत्र और सरकारी अभिलेख बताते हुए भाजपा सरकार पर जातिगत विभाजन और सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने यूजीसी रेगुलेशन 2026 पर अपनी आपत्ति दोहराते हुए आरोप लगाया कि नए नियमों से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के प्रति भेदभावपूर्ण माहौल बनेगा। उन्होंने आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात भी कही है।