खरगोन जिला अस्पताल में पुलिस की लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसमें जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे एक व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने मृत बता दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों और समाज के लोगों में मातम छा गया और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गईं। खरगोन, बड़वानी और खंडवा से रिश्तेदार और परिचित अस्पताल पहुंचने लगे। लेकिन जब परिजन शव लेने पहुंचे, तो पता चला कि जिस राजेंद्र चौहान की मौत की खबर उन्हें दी गई थी, वह जिंदा है और अस्पताल में भर्ती है।
वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान के नेतृत्व में समाज के लोगों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने जिला अस्पताल पुलिस चौकी और पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इनमें प्रधान आरक्षक वहाब खान तथा आरक्षक जितेंद्र रावत और माधव सिंह शामिल हैं। चंदन चौहान के अनुसार रविवार शाम करीब 4.40 बजे प्रधान आरक्षक वहाब खान और पुलिस कंट्रोल रूम से फोन आया था, जिसमें बताया गया कि उनके परिचित राजेंद्र चौहान की मृत्यु हो गई है और पोस्टमार्टम के बाद सोमवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस सूचना पर भरोसा कर उन्होंने समाज के विभिन्न वाट्सएप समूहों में राजेंद्र की मृत्यु का संदेश प्रसारित कर दिया।
रविवार सुबह परिजन और समाजजन शव लेने जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचे। वहां पहले उन्हें करीब आधे घंटे इंतजार करने को कहा गया, लेकिन बाद में पुलिसकर्मियों ने बताया कि राजेंद्र की मृत्यु नहीं हुई है, बल्कि वह अस्पताल में भर्ती है। जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि करीब एक महीने पहले महेश्वर से एक गंभीर बीमार अज्ञात व्यक्ति को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था और उसकी पहचान के लिए फोटो प्रसारित किए गए थे। बाद में चंदन चौहान ने उसे देवास जिले के शिप्रा का अपना परिचित बताया था। मरीज को 19 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी दी गई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा भर्ती किया गया।
थाना प्रभारी के मुताबिक मरीज के दोबारा आईसीयू में भर्ती होने की सूचना फोटो सहित पुलिस के वाट्सएप समूह में साझा की गई थी। प्रधान आरक्षक वहाब खान ने संदेश पूरा पढ़े बिना चंदन को फोन कर उनके मामा राजेंद्र की मृत्यु की गलत सूचना दे दी और अस्पताल से भी इसकी पुष्टि नहीं की। कलोसिया ने बताया कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने परिजनों से अपनी गलती पर खेद जताया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार शाम मामला संज्ञान में आने पर जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
