मुंबई के कुर्ला स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में एक युवक और युवती के साथ कथित मारपीट के मामले में दो और नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, इन दोनों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिसंबर तक सुधार गृह भेज दिया गया। इससे पहले शनिवार को 12 से 15 साल की उम्र के छह अन्य नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था। इस तरह इस मामले में अब तक कुल आठ नाबालिग पकड़े जा चुके हैं और सभी को चार दिसंबर तक के लिए सुधार गृह में रखा गया है।
यह घटना कुर्ला पश्चिम में एक माल के पीछे स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में हुई थी। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर इसका वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। वीडियो में दिख रहा है कि नाबालिगों के एक समूह ने युवक और उसकी महिला मित्र को घेर लिया और उन पर डंडे से हमला किया, मुक्के और लातें मारीं तथा भागने की कोशिश करने पर उनका पीछा भी किया। पुलिस ने हमले में शामिल नाबालिगों की पहचान कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस घटना ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। भाजपा नेता और राज्य के मंत्री नितेश राणे ने मदरसों पर आरोप लगाया कि वहां उचित शिक्षा नहीं दी जाती, बल्कि छात्रों को नफरत करना और मतांतरण कराना सिखाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुओं को सतर्क रहना चाहिए। वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि अपराधियों को धार्मिक आधार पर बांटना या किसी एक व्यक्ति के अपराध के लिए पूरे समुदाय को निशाना बनाना समानता, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे के संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का कोई धर्म नहीं होता।
