बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र की जीवनगीत कॉलोनी में रविवार देर रात एक ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के समय युवक घर में अकेला था और बताया जाता है कि गोली मारने से पहले वह मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए किसी से बातचीत कर रहा था।

मृतक की पहचान कपिल बालियान पुत्र मनवीर चौधरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव भौपुर का निवासी था और बुलंदशहर में रहकर ठेकेदारी का काम करता था। परिवार में पत्नी रंजना और दो बेटियां पाखी (12 वर्ष) व शानवी (7 वर्ष) हैं। बताया गया कि पत्नी और दोनों बेटियां तीन दिन पहले गांव गई हुई थीं, जिसके चलते घटना के समय कपिल घर पर अकेला था।

रविवार रात करीब 12 बजे वह मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि गोली चलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।