मंगलौर (हरिद्वार)। उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी ने किसानों को राहत देते हुए 12 से 19 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने के एवज में 18.75 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया है। यह राशि संबंधित गन्ना समितियों के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने बताया कि प्रबंधन आगे भी समयबद्ध तरीके से गन्ना मूल्य का भुगतान करता रहेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना समस्त गन्ना अपनी ही चीनी मिल को आपूर्ति करें, जिससे मिल अपना पेराई लक्ष्य समय पर पूरा कर सके। साथ ही किसानों से कहा गया कि वे समिति का एसएमएस मिलने के बाद ही गन्ने की छिलाई करें और मिल को केवल साफ, स्वच्छ व ताजा गन्ना ही भेजें।
खंडेलवाल ने किसानों को गेहूं के साथ गन्ने की सहफसली खेती करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किसानों की मांग को देखते हुए मिल ने आधुनिक एफआईआरबी मशीन मंगाई है, जो किसानों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। किसान मिल के गन्ना विभाग से संपर्क कर इसे बुक कर सकते हैं। उनके मुताबिक, इस विधि से किसान अभी खेत में गेहूं की बुआई कर सकते हैं और उसी खेत में फरवरी माह में गन्ना लगा सकते हैं, जिससे गेहूं की पैदावार में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होती है।
गन्ना प्रजाति को-0238 में लग रहे लाल सड़न रोग के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए मिल द्वारा हर खेत तक ट्राइकोडर्मा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मिल में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में ट्राइकोडर्मा उपलब्ध कराया गया है, ताकि फसल को रोगमुक्त रखा जा सके।
