कानपुर के कल्याणपुर कला स्थित एक बॉयज हॉस्टल में सोमवार को एक बंद कमरे से 30 वर्षीय डिलीवरी बॉय का शव मिला। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास रहने वाले छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।

मृतक की पहचान बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के नौगवां निवासी केशव वर्मा के रूप में हुई है। वह कल्याणपुर कला के इस बॉयज हॉस्टल में रहकर डिलीवरी बॉय का काम करता था। बताया गया है कि करीब एक महीने पहले ही वह हॉस्टल में रहने आया था। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। केशव के परिवार में पिता गोपाल वर्मा, मां और एक बहन हैं।

थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में युवक के डिलीवरी बॉय का काम करने की बात सामने आई है। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने मृतक के कमरे की तलाशी ली तो वहां एक डायरी मिली। डायरी के एक पन्ने पर लिखा था, 'मरना तो एक दिन सबको है, इसलिए अच्छे कर्म करते रहिए।' पुलिस डायरी में मिले इस संदेश समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।