अमृतसर के जंडियाला गुरु स्थित जलाल उसमा गांव में सोमवार सुबह आवारा कुत्तों के हमले में आठ साल के रंजीत सिंह की मौत हो गई। परिवार के करीबी रिश्तेदार के मुताबिक, रंजीत घर से स्कूल जा रहा था, तभी रास्ते में आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और पीछे पड़ गए। बचने के लिए उसने पास के खाली पड़े मैदान में काफी दौड़ लगाई, लेकिन कुत्तों ने उसे पकड़ लिया और नोच-नोच कर काटने लगे। रिश्तेदार के अनुसार, रंजीत के सिर और पैरों पर गहरे चोटों के निशान थे, और उसका दायां कान भी बुरी तरह नोचा गया था। मैदान में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी उसी मैदान में खेल रहे बच्चों ने गांव के लोगों को दी। एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान अजीत सिंह के बेटे रंजीत सिंह (8) के रूप में हुई है। परिवार के करीबी रिश्तेदार ने बताया कि रंजीत तीन बहनों का इकलौता भाई और परिवार में सबसे छोटा था।

घटना का पता चलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार रो-रोकर बुरे हाल में थे। ग्रामीण गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस घटना से पूरा गांव दुखी है और परिवार बेहद गरीब है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।