भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में तैनात एडिशनल SHO सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ रविवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना ACB गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी शिकायतकर्ता फिलहाल गुरुग्राम की ईएमएएआर प्लम हिल्स सोसायटी में किराये पर रह रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, भूपेंद्र नाम के एक व्यक्ति ने पैसे के लेनदेन से जुड़े मामले में उसके खिलाफ शिवाजी नगर थाने में शिकायत दी थी, जिसमें कई अन्य आरोपित भी शामिल थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायत का निपटारा करने और उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने के एवज में सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह ने उससे दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 60 हजार रुपये तय हुई, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने ACB को इसकी जानकारी दी।
ACB की टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये देकर थाने भेजा गया। पुलिसकर्मी द्वारा रुपये लिए जाते ही ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। ACB के अनुसार, मामले में आगे की जांच की जा रही है।
