अल्मोड़ा के घाटी वाले इलाकों में कोहरे और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सुबह देर तक धूप न निकलने से लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है और ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जला रहे हैं। दोपहर में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को अल्मोड़ा मुख्यालय में अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा था।
बुधवार सुबह कोसी, कटारमल, विमोला, मटेला, मकेड़ी और उज्योला समेत घाटी वाले क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह देर तक धूप न निकलने से ठंड का असर अधिक महसूस हुआ। स्कूली बच्चों और कामकाज के सिलसिले में घरों से बाहर निकले लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।
मौसम में लगातार बदलाव के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड बढ़ने के साथ ही मुख्यालय में गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। लोग जैकेट, स्वेटर समेत अन्य गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं और सुबह-शाम बढ़ती ठिठुरन के चलते गर्म कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
