रीवा में इन दिनों अमेरिका से आए एक युवक श्याम दास का ग्रामीण जीवन और सनातन परंपरा से जुड़ाव चर्चा का विषय बना हुआ है। मूल रूप से श्यामुअल नाम के इस युवक की रुचि सनातन धर्म के प्रति इतनी गहरी हुई कि उसने श्याम दास नाम अपना लिया। वह प्रतिदिन संस्कृत के श्लोक पढ़ते हैं, हिंदी में पूजा-पाठ करते हैं और भगवान शिव, श्रीराम तथा हनुमान के प्रति अटूट श्रद्धा रखते हैं। श्याम दास ने पूरी तरह सात्विक जीवन और शुद्ध शाकाहारी भोजन अपनाया है और अब भारत को ही अपना घर बनाना चाहते हैं।

श्याम दास की मुलाकात ऋषिकेश में रीवा के रहने वाले कुलदीप से हुई थी। दोनों की दोस्ती के बाद कुलदीप के आमंत्रण पर वह रीवा पहुंचे। उनका मकसद केवल शहर घूमना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के गांवों को करीब से देखना और भारतीय ग्रामीण संस्कृति को समझना था। रीवा पहुंचकर श्याम दास यहां की संस्कृति, रीति-रिवाज और रहन-सहन देखकर बेहद खुश नजर आए।

गांव में गोबर से लिपे मिट्टी के आंगन में चलते हुए श्याम दास ने अपने अनुभव साझा किए। उनके मित्र कुलदीप के अनुसार, श्याम दास ने कहा कि अमेरिका में मिट्टी और प्राकृतिक वातावरण का ऐसा अनुभव लेने के लिए पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि यहां गांवों में यह जीवनशैली सहज रूप से देखने को मिलती है।

विंध्य की धरती पर पहुंचकर श्याम दास स्थानीय लोगों से घुलने-मिलने की कोशिश कर रहे हैं। अंग्रेजी बोलने वाले श्याम दास ने बघेली भाषा में भी बोलना शुरू कर दिया है और स्थानीय लोगों का बघेली में प्रणाम कर अभिवादन करते हैं। उनकी भाषा, पहनावा और सनातन के प्रति समर्पण देखकर लोग हैरान हैं।