लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, मेरठ के परिसर में 35 करोड़ रुपये की लागत से पैरामेडिकल ब्लॉक बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। जलनिगम सी एंड डीएस ने डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेज दिया है। धनराशि जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि 15 दिसंबर तक धनराशि की पहली किश्त मिल सकती है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि पैरामेडिकल ब्लॉक बनाने का आंकलन प्रस्ताव जलनिगम सी एंड डीएस से बनवाकर भिजवाया गया था। चार मंजिला भवन बनाने में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और डीपीआर भी भेज दिया गया है। धनराशि मिलते ही काम शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया की जाएगी।

पैरामेडिकल ब्लॉक बनने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा। प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध होने से मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों पर काम का बोझ कम होगा। लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे, कार्डियो, ओटी और डायलिसिस टेक्नीशियन मिलने से आधुनिक मशीनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में इन विषयों की पढ़ाई होती है।

कॉलेज में आने वाले समय में 100 बेड का क्रिटिकल केयर सेंटर और 100 बेड का ट्रामा सेंटर भी संचालित होना है। अगले छह माह में इनके बनकर तैयार होने की उम्मीद है। इसके अलावा 100 बेड का जच्चा-बच्चा ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। ऐसे में पैरामेडिकल स्टाफ की जरूरत पड़ेगी, जिसकी पूर्ति इस ब्लॉक से हो सकेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को पैरामेडिकल में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।