हजारीबाग जिले में बालू घाटों का टेंडर होने के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी 11 घाटों से उठाव शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण शहर में बालू पांच से छह हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर तक महंगी बिक रही है। जिले के सभी 11 बालू घाटों का टेंडर समर्थ एडी पोरवो टैक्स को मिला है। जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार के अनुसार कंपनी को संचालन शुरू करने के लिए दो बार लिखित सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।

महंगी बालू का असर निजी मकान निर्माण के साथ सरकारी योजनाओं पर भी पड़ रहा है। ठेकेदारों को सरकारी कार्यों के लिए बालू का चालान नहीं मिल पा रहा है, जिससे सड़क, नाली, पुल-पुलिया और सरकारी भवनों के निर्माण की गति धीमी पड़ गई है। घाटों का संचालन शुरू नहीं होने से सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। लोगों का कहना है कि निर्धारित दर पर आपूर्ति होने पर दो से तीन हजार रुपये के आसपास ट्रैक्टर बालू मिल सकती है।

इस बीच अवैध बालू परिवहन और कथित वसूली को लेकर भी चर्चा है। नाम न छापने की शर्त पर एक ट्रैक्टर चालक ने आरोप लगाया कि चोरी-छिपे बालू ढोने वाले चालकों को हर महीने थाना स्तर पर और उसके बाद अंचल स्तर पर कथित तौर पर पैसे देने पड़ते हैं। पैसे न देने पर ट्रैक्टर चलाना मुश्किल हो जाता है और कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जिले में बालू उठाव के लिए बरकट्ठा, बरही और बड़कागांव थाना क्षेत्रों की विभिन्न मौजों को चिह्नित किया गया है। लोगों की मांग है कि विभाग जल्द कंपनी पर कार्रवाई कर बालू उठाव शुरू कराए, ताकि बाजार में आपूर्ति बढ़े और आम लोगों को राहत मिल सके।