हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिले में कड़ाके की ठंड के कारण सड़क पर पानी जमने से एक पिकअप गाड़ी फिसलकर नाले में गिर गई। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। पुलिस के अनुसार घटना तांदी-प्यूकर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास हुई।

जानकारी के मुताबिक, वाहन एचपी 42-3830 पिकअप गाड़ी गोजंग गांव से तांदी की ओर जा रही थी। रास्ते में नाले में पानी जमा होने के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वह सड़क से फिसलकर नीचे नाले में जा गिरी। गाड़ी में तीन लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल थी।

मृतकों की पहचान अजय पुत्र दीवान चंद और उनकी पत्नी अंजली कटराई, निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायल अक्षय पुत्र जवाहर लाल, निवासी लापसंग केलंग जिला लाहुल-स्पीति है। घटनास्थल पर ही एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि घायल युवक को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलंग ले जाया गया।

केलंग अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुषमा स्वांगला ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस टीम सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि पारा लुढ़कने के कारण तीन दिन से लाहुल घाटी में ब्लैक आइस और पानी जमने से वाहनों के असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले सामने आ रहे हैं।