जीरकपुर (मोहाली) के गांव छत में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला के पिता के बयान पर पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और क्रूरता का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय रूपवती की शादी करीब 13 साल पहले गांव छत निवासी विजय प्रकाश के साथ हुई थी। रूपवती तीन बच्चों की मां थी। महिला के पिता जुगल किशोर ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था और उसे घर से निकाल देता था। प्रताड़ना से परेशान होकर वह कई बार मायके भी आ चुकी थी।
पिता के बयान के मुताबिक, रूपवती अपनी छोटी बच्ची को गांव छत स्थित मॉडल स्कूल से लेने गई थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उसे बच्ची से मिलने नहीं दिया। इसी दौरान वहां पहुंचे विजय प्रकाश ने स्कूल के बाहर रूपवती के साथ मारपीट की। बेटी ने फोन पर पिता को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर जुगल किशोर गांव छत पहुंचे, जहां रूपवती की हालत गंभीर थी। परिजनों ने उसे एंबुलेंस की मदद से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पिता ने वीरवार को थाने में अपने बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पति का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।
