अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र में प्रलोभन देकर सामूहिक मतांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जगदीशपुर के पालपुर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी अश्वनी पांडेय की सोमवार को दर्ज शिकायत के आधार पर की गई। पुजारी ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग अनुसूचित जाति के महिला-पुरुषों को प्रलोभन देकर सामूहिक मतांतरण कराने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने वांछित आरोपी राजकुमार के घर पर दबिश दी, जहां 20 से 25 लोग मौजूद मिले। पूछताछ और तलाशी के दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोग शामिल हैं। मौके से मतांतरण से संबंधित चार पुस्तकें भी बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रिवाइवल चर्च के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। विभिन्न राज्यों की दलित बस्तियों को चिन्हित कर वे लोगों को रुपये, चिकित्सा और शिक्षा जैसी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अब तक चार राज्यों में 240 लोगों का मतांतरण कराया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर धर्म प्रचार और प्रवचन करते हैं। तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में इनकी सक्रियता सामने आई है। एसपी सरवणन टी के अनुसार मामले से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।