सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के मामले में कार्रवाई हुई है। सहारनपुर सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पवन कुमार को पद से हटाकर ट्रैफिक सीओ बना दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण मयंक पाठक ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एएसपी के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ से संबंधित वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए भी पत्र लिखा गया है। जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने ‘एक्स कॉर्प’ के सुरक्षा एवं कानूनी नीति विभाग को 19 एक्स खातों की सूची सौंपकर उनसे संबंधित वीडियो एवं पोस्ट हटाने का अनुरोध किया है।

पूरा मामला क्या है, इस पर पुलिस सूत्रों का कहना है कि एआईएमआईएम अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी 21 नवंबर को सहारनपुर में अपर जिलाधिकारी, प्रशासन लवी त्रिपाठी से मिलने आए थे। इससे पहले वह सर्किट हाउस पहुंचे थे, जहां सुप्रीम कोर्ट के एक जस्टिस के आगमन पर पुलिस प्रशासन ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देने की व्यवस्था की थी। सूत्रों के अनुसार, जस्टिस को सुबह 11 बजे सर्किट हाउस पहुंचना था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ओवैसी वहां पहुंच गए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उन्हें जस्टिस समझकर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दे दिया।

एएसपी ग्रामीण ने बताया कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया। यह मामला सहारनपुर से लखनऊ तक चर्चा का विषय बना हुआ है।