गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) को 'ऑपरेशन मानसून थंडर' की सफलता पर बधाई दी। यह संयुक्त अभियान सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया था।
शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रूप से शुरू किए गए इस अभियान की शानदार सफलता पर एनसीबी और अमेरिकी डीईए को हार्दिक बधाई। उन्होंने इसे मादक पदार्थ के खतरे से निपटने में भारत-अमेरिका साझेदारी की ताकत का प्रमाण बताया।
गौरतलब है कि इस अभियान के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के छह सदस्यों को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई दोनों देशों की एजेंसियों के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
शाह ने कहा कि इस अभियान के तहत भारत और अमेरिका में की गई गिरफ्तारियां और जब्त किए गए नशीले पदार्थ इस बात का प्रमाण हैं कि मादक पदार्थों के खतरे से निपटने में दोनों देशों की साझेदारी कितनी मजबूत है।
