ढाका: बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन और हिंसा का दौर जारी है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार पर अवामी लीग हिंसा का आरोप लगा रही है, जबकि सरकार समर्थकों पर आगजनी के इल्जाम लगाए जा रहे हैं। शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने शनिवार को ट्वीट कर दावा किया कि नरेल के कालिया इलाके में अवामी लीग समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों के करीब 200 घरों में लूटपाट के बाद आग लगाई गई। उन्होंने कहा कि पार्टी के करीब एक हजार समर्थक बेघर हो गए हैं। सजीब अमेरिका में रहते हैं और शेख हसीना इस समय भारत में शरण लिए हुए हैं। अवामी लीग बांग्लादेश में प्रतिबंधित है।

हालांकि बांग्लादेश के प्रथोमोलो की रिपोर्ट में कहा गया है कि कालिया में अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं के कम से कम 20 से 30 घरों में आग लगाई गई। आरोप है कि ये हमले बीएनपी कार्यकर्ताओं ने किए और कई घरों व दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट भी की गई।

बताया गया है कि बेन्दार में बीएनपी कार्यकर्ताओं के समूहों ने अवामी लीग के पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान और पार्टी के अन्य नेताओं के घरों पर हमला किया। बोरो कालिया में उपजिला अवामी लीग के महासचिव कृष्णपदा घोष के घर में भी तोड़फोड़ और आगजनी की गई। बीएनपी ने इन आरोपों से इनकार किया है।

यह हिंसा बीएनपी के दो नेताओं की हत्या के बाद हुई है। बुधवार को कालिया में बीएनपी के मोटरसाइकिल जुलूस पर अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद से इलाके में तनाव है। पिछले रविवार अवामी लीग और उसके छात्र संगठन के लोग सड़कों पर उतरे थे और गोपालगंज में जुलूस निकाला था, जिसके बाद कई इलाकों से हिंसा की खबरें आई हैं।