केरल में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर की बात मानकर पिंपल हटाने वाली फेयरनेस क्रीम मंगवाना महंगा पड़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला करीब एक साल पहले शुरू हुआ था, जब लड़की ने इंस्टाग्राम पर मिले एक व्हाट्सअप नंबर के जरिए क्रीम का ऑर्डर किया था। शुरुआत में क्रीम से फायदा दिखने पर उसने इसे बार-बार मंगवाना जारी रखा, लेकिन कुछ समय बाद उसे चक्कर आना, ब्लड प्रेशर बढ़ना और बेहोशी जैसी समस्याएं होने लगीं। एक साल तक क्रीम के इस्तेमाल के बाद उसके पैरों में सूजन आ गई, जिससे उसका चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया।

परिवार ने हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों से जांच करवाई। डॉक्टर गौरी एस. के मुताबिक, जांच में पाया गया कि क्रीम के इस्तेमाल से लड़की के खून में पारा (मरकरी) का स्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया है, जिससे उसकी किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। उसे मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नामक गंभीर किडनी रोग हो गया है, जिसका समय पर इलाज न होने पर हालत और बिगड़ सकती है।

डॉक्टरों के अनुसार, क्रीम की जांच में उसमें मरकरी का स्तर करीब 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन पाया गया, जबकि सामान्य तौर पर यह 1 पार्ट्स प्रति मिलियन से भी कम होना चाहिए। डॉक्टर ने लोगों को ऐसी क्रीम से सावधान रहने की सलाह दी है, जो तुरंत स्किन टोन सुधारने का वादा करती हैं। लड़की के परिवार ने कंपनी से शिकायत की, लेकिन उनकी ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद परिवार ने कंज्यूमर कोर्ट जाने का फैसला किया है। परिवार ने अभी क्रीम कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ समय पहले खबर आई थी कि पाकिस्तान की कुछ फेयरनेस क्रीम भारत में बिक रही हैं, जिस पर कार्रवाई की गई थी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यह क्रीम भी उन्हीं हानिकारक क्रीम से जुड़ी हो सकती है।