दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आइएफएसओ यूनिट ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से 14 साल के एक किशोर को पकड़ा है। आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की मदद से एक सरकारी टेस्ट पोर्टल की सुरक्षा में सेंध लगाकर करीब 4 हजार अग्निवीरों का डेटा हासिल किया और डार्क वेब पर उसे 500 अमेरिकी डॉलर (करीब 42 हजार रुपये) में बेचने का विज्ञापन डाला। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जिस पोर्टल को निशाना बनाया गया, वह पूर्व अग्निवीरों को दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया टेस्ट पोर्टल था।
जांच के दौरान पुलिस ने किशोर के डिजिटल उपकरणों से डेटा बरामद किया है। बरामद जानकारी की वास्तविकता की पुष्टि के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस मांगा गया है। पुलिस का कहना है कि आधिकारिक डेटाबेस से मिलान के बाद ही पता चल सकेगा कि बरामद डेटा में कितने अग्निवीरों की वास्तविक निजी जानकारी शामिल है और उसमें कौन-कौन से विवरण मौजूद हैं।
पुलिस तीन प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है: सरकारी पोर्टल की सुरक्षा में सेंध कैसे लगाई गई, क्या चोरी किया गया डेटा किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचा और क्या डार्क वेब पर किसी ने इस डेटा को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि डेटा का इस्तेमाल या बिक्री कहीं और तो नहीं हुई। स्पेशल सेल किशोर से पूछताछ कर रही है। मामले में सैन्य सेवा से जुड़े पूर्व कर्मियों की निजी जानकारी के दुरुपयोग की आशंका के चलते गंभीरता बढ़ गई है।
