बॉलिवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को धमकी देने के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार साथियों ने खुलासा किया है कि उनका संपर्क विक्की हड्डाल उर्फ नितिन डबास से भी था। नितिन डबास दिल्ली एनसीआर का गैंगस्टर बताया जाता है, जो फिलहाल कनाडा में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। हड्डाल हिमांशु भाऊ के गिरोह से जुड़ा हुआ है और लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों के साथ भी उसकी बातचीत रहती है।

गोल्डी ढिल्लों ने खुद पोस्ट करके बताया था कि दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस की स्पेशल सेल ने मिलकर उसके दो गुर्गों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। ढिल्लों ने यह भी कहा था कि दोनों का संबंध किसी और गैंग से नहीं है, बल्कि वे उसके ही आदमी हैं। अपनी पोस्ट में ढिल्लों ने लिखा कि उसके दो भाइयों की गिरफ्तारी के बाद जो वारदात होनी है, वह टली नहीं है, क्योंकि उनके पास 200 से ज्यादा लोग हैं।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की गई थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन अपने फैन्स से मिलने के लिए बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे ही आते थे। ढिल्लों ने सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उन घटनाओं का कोई भी दोषी माफ नहीं किया जाएगा, वह चाहे किसी भी देश में हो, उसे हिसाब चुकता करना होगा। उसने कहा कि सिख कौम के खिलाफ बोलने वाले लोग उनके दुश्मन हैं। ढिल्लों ने अभिषेक बच्चन का भी नाम लिया और कहा कि चाहे जितने बुलेटप्रूफ केबिन बनवाए जाएं, उसे गोली मारी जाएगी और पिता-पुत्र दोनों की मौत होगी।

गोल्डी ढिल्लों ने सिख विरोधी दंगों का जिक्र करके अमिताभ बच्चन को धमकी दी है। दरअसल, 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सिख समुदाय के खिलाफ दंगे भड़क उठे थे, जिनमें हजारों सिख मारे गए थे। आरोप है कि इस दौरान अमिताभ बच्चन एम्स के बाहर मौजूद भीड़ में पहुंच गए थे और खून के बदले खून के नारे लगे थे। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने हमेशा इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि उन्होंने सिख समुदाय के खिलाफ कभी कोई नारेबाजी नहीं की और किसी को भड़काने के लिए कभी कुछ नहीं कहा।