अमरोहा के हसनपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंगेश्वरी के मझरा फूलपुर निवासी ग्रेजुएट किसान अमित कुमार परंपरागत खेती से हटकर औषधीय फसलों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने तीन वर्ष पहले वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), लखनऊ से औषधीय खेती का प्रशिक्षण लिया था, जिसमें उन्होंने मंडूकपर्णी और ब्राह्मी की खेती की बारीकियां समझीं। इसके बाद उन्होंने दो एकड़ कृषि भूमि में इन फसलों की खेती शुरू की। शुरुआत में नई फसल होने के कारण जानकारियां जुटानी पड़ीं, लेकिन अनुभव बढ़ने के साथ परिणाम बेहतर होते गए।

अमित कुमार के अनुसार मंडूकपर्णी और ब्राह्मी की फसल साल में तीन बार तैयार हो जाती है। एक एकड़ भूमि में करीब 15 क्विंटल तक सूखी फसल प्राप्त होती है, जो बाजार में 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बिकती है। पतंजलि सहित अन्य औषधीय कंपनियां भी उनका उत्पाद खरीद रही हैं, जिससे फसल की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध हो रहा है। मंडूकपर्णी और ब्राह्मी का प्रयोग याददाश्त बढ़ाने वाली दवाइयों में किया जाता है।

खेती की सबसे बड़ी विशेषता इसका प्राकृतिक तरीका है। अमित कुमार फसल तैयार करने में किसी भी प्रकार के रसायनिक उर्वरक का इस्तेमाल नहीं करते और खेत में केवल गोबर की कूड़ी का देसी खाद डालते हैं। उनका मानना है कि जैविक खाद से फसल की गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है। औषधीय फसलों की खेती में गुणवत्ता का विशेष महत्व होता है, इसलिए वे उत्पादन के साथ उसकी शुद्धता पर भी ध्यान देते हैं।

अमित कुमार का कहना है कि किसानों को केवल परंपरागत फसलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बाजार की मांग और खेती की संभावनाओं को समझकर औषधीय पौधों की खेती भी अपनाई जा सकती है, जिससे आय के नए विकल्प मिल सकते हैं। वे अपने अनुभव के आधार पर क्षेत्र के अन्य किसानों को भी मंडूकपर्णी और ब्राह्मी की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।