अमरोहा के डिडौली क्षेत्र में एक विवाहिता ने इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद प्रेम संबंध बनने पर अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के घर जाने का फैसला किया है। दो बच्चों की मां विवाहिता ने प्रेमी के साथ रहने से पहले नौ शर्तें तय कीं और इन्हें शपथपत्र के जरिए लिखित रूप दिया। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद चर्चा में आया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस संबंध में थाने तक कोई शिकायत नहीं पहुंची है।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2018 में डिडौली क्षेत्र के युवक से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं और करीब दो साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान लगभग एक साल पहले विवाहिता की इंस्टाग्राम के माध्यम से मुरादाबाद निवासी एक शादीशुदा युवक से जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम-प्रसंग में बदल गई।

तीन दिन पहले विवाहिता पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंची। दोनों ने साथ रहने के लिए नौ शर्तें तय कीं, जिनमें विवाहिता का पूरा खर्च उठाना, दोनों से होने वाली संतान के दस्तावेजों में पिता का नाम दर्ज कराना, प्रेमी की पहली पत्नी और बच्चों की देखभाल करना तथा रिश्ते में बाहरी हस्तक्षेप न होने जैसे बिंदु शामिल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि प्रेमी की पहली पत्नी ने विवाहिता को रखने से इन्कार कर दिया है, फिर भी वह मकान के दूसरे हिस्से में रह रही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विवाहिता ने पति से विवाद और तलाक देने को तैयार न होने की बात कहते हुए प्रेमी के साथ रहने का फैसला बताया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि प्रकरण से संबंधित कोई शिकायत थाने तक नहीं पहुंची है।