प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कर्मी गुरमीत सिंह और उसके सहयोगियों पर उत्तर प्रदेश समेत छह राज्यों में 70 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी के मामले में शिकंजा कसा है। आरोप है कि इन लोगों ने 'सेफ इन्वेस्टमेंट प्लान' के नाम से फर्जी निवेश योजना चलाकर आकर्षक ब्याज और कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों को ठगा। इस योजना में आम लोगों के साथ सेवारत और सेवानिवृत्त एसएसबी कर्मियों को भी निशाना बनाया गया।

उत्तर प्रदेश के अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा और बिहार में दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर ईडी ने मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की है। ईडी के जम्मू उप क्षेत्रीय कार्यालय ने 27 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आठ स्थानों पर छापेमारी की, जिनमें कठुआ, ऊधमपुर और पठानकोट के ठिकाने शामिल हैं।

जांच में सामने आया है कि गुरमीत सिंह ने अपने परिवार के सदस्यों, सहयोगियों और उनसे जुड़ी कारोबारी फर्मों के माध्यम से निवेशकों से करीब 70 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई थी। इनमें कठुआ स्थित स्टाइल ओ इंडस्ट्री और स्टाइल ओ कंफर्ट क्रिएशंस प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान ईडी ने दो महंगी गाड़ियां, अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रानिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक अभिलेख जब्त किए।

गुरमीत सिंह और उससे जुड़ी कंपनियों के खातों में करीब 33 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई है। इसके अतिरिक्त मदन लाल, सुनील चौधरी और संबंधित कंपनियों के एचडीएफसी बैंक खातों में जमा करीब 14 लाख रुपये भी फ्रीज किए गए हैं, जिससे कुल करीब 47 लाख रुपये की बैंक राशि पर रोक लगाई गई है। तलाशी में संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, अजरबैजान और आस्ट्रेलिया की विदेशी मुद्रा भी मिली, जिसका भारतीय मुद्रा में मूल्य करीब 37 हजार रुपये है। ईडी अब ठगी की रकम के निवेश, संपत्तियों की खरीद और अन्य लाभार्थियों की भूमिका की जांच कर रही है।