धनबाद नगर निगम ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदनों की जांच के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब निगम खुद सत्यापन करेगा और इसके लिए पांच राजस्व निरीक्षकों को जांचकर्ता के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। पहले जिला सांख्यिकी स्तर पर एक ही पदाधिकारी के पास पूरे शहर का कार्यभार होने से आवेदनों में देरी होती थी।

नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त प्रकाश को लंबित मामलों के निष्पादन की जिम्मेवारी सौंपी। जिम्मेवारी लेते हुए उन्होंने तीन दिनों के अंदर 600 ऑनलाइन लंबित आवेदनों का निष्पादन किया। प्रकाश के अनुसार, एक ही पदाधिकारी पर पूरे शहर का भार होने के कारण सत्यापन और स्थलीय जांच में अनावश्यक विलंब होता था, जिससे नागरिकों को प्रमाण पत्र पाने में कठिनाई होती थी।

नगर निगम प्रशासन के अनुरोध और उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), धनबाद की स्वीकृति के आलोक में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। निगम के सभी पांच अंचलों में अलग-अलग राजस्व निरीक्षक तैनात किए गए हैं। सिंदरी अंचल में रंजीत कुमार यादव, कतरास में बिट्टू कुमार, छाताटांड़ में आशुतोष कुमार, झरिया में प्रदीप कुमार शर्मा और धनबाद अंचल में बिपिन शेखर को समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन का निर्देश दिया गया है।

नगर आयुक्त आशीष गंगवार के अनुसार, नई व्यवस्था के बाद आवेदनों का अंचल स्तर पर ही त्वरित निपटारा होगा। लंबित आवेदनों की संख्या में कमी आएगी और लोगों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रमाण पत्र मिल सकेगा।