पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए का शासन 20 साल से अधिक हो गया है और केंद्र में भी उनकी सरकार है, फिर भी राज्य पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और कानून-व्यवस्था में देश में नंबर वन क्यों नहीं है। उन्होंने पूछा कि 20 साल के एनडीए शासन में बिहार किस क्षेत्र में नंबर वन हुआ। सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बिहार गरीबी, पलायन, भुखमरी, भ्रष्टाचार और अपराध में जरूर नंबर वन है।
विधानसभा सत्र से पहले तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष से अपने काम का हिसाब मांग रही है, पहले यह बताए कि पिछले एक साल में कौन-सा काम किया है। उनका कहना था कि बिहार में भ्रष्टाचारियों का बोलबाला और अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर क्राइम और अपराध को अलग-अलग समझने का आरोप भी लगाया।
125 यूनिट मुफ्त बिजली को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बीजेपी ने 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा किया और इसके जरिए जनता से वोट लिया, अब सब्सिडी वापस करने की बात की जा रही है। महिला आरक्षण पर उन्होंने 33 प्रतिशत के स्थान पर 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की और कहा कि इसके भीतर अति पिछड़ा, पिछड़ा, एससी-एसटी और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए आरक्षण होना चाहिए।
अंत में तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा सत्र में विपक्ष सभी मुद्दे उठाएगा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा भी लगातार उठाया जाता रहेगा।
