भगवानपुर क्षेत्र के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 11 वर्षीय बच्ची पीहू की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और दूसरी बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी क्षेत्र स्थित तेजलहेड़ा गांव निवासी नितिन अपनी 11 वर्षीय पुत्री पीहू के साथ बाइक से नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आए थे। शनिवार देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों पिता-पुत्री बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गांव के बाहर पहुंचते ही सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की आवाज सुनकर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए भगवानपुर स्थित आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पीहू को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल नितिन और दूसरी बाइक पर सवार अज्ञात व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस दूसरे घायल की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। बच्ची की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।