मेरठ में घर बनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। रेत, रोड़ी और सरिया के दामों में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सीमेंट के दाम स्थिर बने हुए हैं और ईंटों में मामूली तेजी आई है। बिल्डिंग मैटीरियल व्यापार संघ के अध्यक्ष भोपाल गुप्ता के अनुसार, मौसम साफ होने से आपूर्ति तेजी से बढ़ी है, लेकिन मांग उस अनुपात में नहीं है। ग्रेप के प्रतिबंधों और बड़े निर्माण कार्यों पर रोक के कारण भी मांग घटी है।

व्यापारियों के मुताबिक रेत के दाम में 20 से 30 रुपये प्रति क्विंटल की कमी आई है। रेत अभी 50 से 60 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है, जो चार-पांच माह पहले 80 रुपये प्रति क्विंटल तक थी। व्यापारी विनय चौधरी ने बताया कि 20 एमएम और 10 एमएम रोड़ी की दर 102 रुपये प्रति क्विंटल है, जो एक माह पहले 105 रुपये प्रति क्विंटल थी। मेरठ में डस्ट और रोड़ी की प्रतिदिन खपत 25 हजार टन है, जिसमें से आठ हजार टन घर और बिल्डिंग निर्माण में खर्च होती है।

व्यापारी अरुण बंसल ने बताया कि इस समय निर्माण सामग्री के दाम अनुकूल हैं और सीमेंट के दाम स्थिर हैं। अल्ट्राटेक सीमेंट 340 रुपये में बिक रहा है, जबकि अन्य ब्रांडों के दाम 310 रुपये हैं। जीएसटी दरों में कमी से पहले सीमेंट के रेट 400 रुपये के आसपास थे। ईंटों के दाम 7600 रुपये प्रति हजार हो गए हैं, जो छह माह की तुलना में छह रुपये प्रति हजार अधिक हैं।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कांति स्टील के विजय कुमार ने बताया कि दीपावली के बाद से सरिया के दामों में चार से पांच रुपये प्रति किलो यानी चार से पांच हजार रुपये प्रति टन की कमी आई है। उनके अनुसार मांग अपेक्षित स्तर पर नहीं है और अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर भी कीमतों पर पड़ रहा है।