हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के गांव पुसैनी की रहने वाली कमलेश देवी ने आठवीं तक पढ़ाई के बावजूद कान्हा की पोशाक बनाने के हुनर को अपनी आजीविका का आधार बनाया। शादी के बाद घर की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने करीब पांच साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से 'माता दी स्वयं सहायता समूह' का गठन किया। समूह में अध्यक्ष रिंकी समेत मथुरी, रितु, पिंकी, सरोज, भावना और कश्मीरी सहित अन्य महिलाएं जुड़ीं। कमलेश के पति राकेश कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
कमलेश ने घर पर ही सिलाई का काम शुरू किया और कपड़े की खरीदारी, कटिंग, डिजाइनिंग से लेकर पोशाक तैयार करने और बाजार तक पहुंचाने की बारीकियां खुद सीखीं। धीरे-धीरे उनके काम को पहचान मिलने लगी और मथुरा व वृंदावन के दुकानदारों तक पोशाकों की सप्लाई शुरू हो गई। त्योहारों और विशेष अवसरों पर ऑर्डर बढ़ने से समूह की महिलाओं को भी अतिरिक्त काम मिलने लगा।
समूह की सचिव कमलेश अब अपने अनुभव को दूसरी महिलाओं के साथ साझा कर रही हैं। वह उन्हें कपड़े की कटिंग, सिलाई, डिजाइन तथा मोती और लेस लगाने का प्रशिक्षण देती हैं। प्रशिक्षण के लिए महिलाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाता। अब तक 100 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण और स्वरोजगार के तरीके बताए जा चुके हैं। समूह से जुड़ी रिंकी बताती हैं कि पहले वह घर से बाहर निकलने और काम करने के बारे में नहीं सोचती थीं, लेकिन समूह से जुड़ने के बाद उनकी जिंदगी बदल गई। अब वह खुद कमाई कर रही हैं और बच्चों की पढ़ाई व घरेलू खर्चों में सहयोग दे रही हैं। मथुरी और पिंकी ने भी अपने स्तर पर काम शुरू किया है।
कमलेश की इस पहल से गांव की अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिल रही है। उनका सपना है कि स्वयं सहायता समूह के काम को बड़े स्तर पर पहचान दिलाएं और कान्हा की पोशाकों का अपना ब्रांड तैयार करें। वह चाहती हैं कि गांव की अधिक से अधिक महिलाएं प्रशिक्षण लेकर आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनें।
