भोपाल की केंद्रीय जेल में तैनात 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी जेलर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जेलर ने रात्रि गश्त के दौरान महिला प्रहरी से अश्लील बातें कीं और उसे जबरन टायलेट में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपित की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला प्रहरी के मुताबिक, वारदात के बाद उसने खुद को अस्वस्थ बताया और बीपी बढ़ने का हवाला देकर ड्यूटी से घर जाने की अनुमति ली। जेल से बाहर निकलने के बाद वह घर जाने के बजाय सीधे गांधीनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर वीडियोग्राफी की और मेडिकल परीक्षण कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जेल परिसर में घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जेल प्रबंधन से ड्यूटी चार्ट भी मांगा गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय आसपास अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर थे, लेकिन किसी ने इसकी जानकारी होने से इनकार किया है।
सूत्रों के अनुसार, महिला प्रहरी पूर्व में जेल के चार अधिकारियों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की शिकायतें कर चुकी है। वह वर्ष 2004 से जेल में पदस्थ है। कुछ दिन पहले वह जेल में तंबाकू के चार पैकेट ले जाते पकड़ी गई थी, जिस पर जेलर मरावी ने कार्रवाई की थी और उसे निलंबित किया गया था। दो माह पूर्व वह बहाल की गई है। इस मामले में मरावी गवाह भी हैं और जांच चल रही है।
जेल अधीक्षक मानेंद्र सिंह परिहार के अनुसार, जेल परिसर में इस तरह की वारदात को लेकर विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है। मरावी इससे पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक थे और अगस्त 2024 से भोपाल केंद्रीय जेल में कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर स्पेशल जेल एडीजी जी. अखेतो सेमा भी जेल पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। जेल प्रशासन ने विभागीय जांच की बात कही है।
