अदाणी पावर लिमिटेड ने भागलपुर के पीरपैंती में बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री लगाने के लिए बिहार सरकार से 400 एकड़ अतिरिक्त जमीन की मांग की है। कंपनी ने अपनी योजना और प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है, जिस पर 30 नवंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक होगी।
पीरपैंती में बिहार का सबसे बड़ा बिजली घर बनाने जा रही अदाणी पावर लिमिटेड ने राज्य सरकार से 400 एकड़ और जमीन मांगी है। कंपनी पहले से अधिग्रहित 1,060 एकड़ और इस नई जमीन पर बिजली घर के साथ सीमेंट फैक्ट्री भी लगाएगी। इस संबंध में कंपनी ने सरकार को अपना प्रस्ताव भेज दिया है और शासन स्तर पर इस पर पहल तेज हो गई है।
इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए 30 नवंबर को शाम पांच बजे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में बैठक बुलाई गई है। ऊर्जा विभाग के उप सचिव राज किशोर लाल ने 25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है। बैठक में भूमि की उपलब्धता, आवंटन और परियोजना के स्वरूप सहित अन्य पहलुओं पर चर्चा होगी।
बैठक में वित्त विभाग के प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव, विधि विभाग के सचिव-सह-विधि परामर्शी, भागलपुर के जिलाधिकारी और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया है। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि दी गई है।
पीरपैंती में पहले चरण के तहत 800-800 मेगावाट की तीन इकाइयों यानी 2400 मेगावाट क्षमता की तापीय विद्युत परियोजना का निर्माण चल रहा है। दूसरे चरण में इतनी ही क्षमता की तीन नई इकाइयां जुड़ने से कुल उत्पादन 4800 मेगावाट हो जाएगा, जिसके अंतर्गत यह नया प्रस्ताव रखा गया है। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता को प्रस्तावों पर प्रस्तुतीकरण तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। बैठक के बाद ही आगे की प्रक्रिया और सरकार के निर्णय की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
