सुपर 30 के संस्थापक और प्रसिद्ध गणित शिक्षक आनंद कुमार को जापान में प्रतिष्ठित ‘स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। जापान के प्रमुख व्यावसायिक समूह CGC Group के चेयरमैन एवं CEO अत्सुहिरो होरिउची ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। समूह के नेटवर्क में 202 सदस्य कंपनियाँ और 5,083 स्टोर्स शामिल हैं, तथा इसका वार्षिक कारोबार 5.72 लाख करोड़ जापानी येन से अधिक बताया जाता है।
प्रशस्ति-पत्र में कहा गया है कि सुपर 30 के संस्थापक के रूप में आनंद कुमार ने आर्थिक रूप से वंचित युवाओं को निःशुल्क उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देकर उनके जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उनके शैक्षणिक प्रयासों और समाज के प्रति समर्पण की सराहना भारत ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हुई है। प्रशस्ति-पत्र में सुपर इन्फिनिटी की विशेष रूप से सराहना की गई, जिसे राष्ट्रीय सीमाओं और आर्थिक बाधाओं से आगे बढ़कर दुनिया भर के बच्चों तक गणित का आनंद और शिक्षा के अवसर पहुँचाने का प्रयास बताया गया।
आनंद कुमार ने 2002 में पटना से सुपर 30 की शुरुआत की थी। अब वे सुपर इन्फिनिटी के माध्यम से गणित की शिक्षा दुनिया भर के बच्चों तक पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं। मुलाकात के दौरान CGC Group के चेयरमैन ने सुपर इन्फिनिटी की जापानी भाषा में चल रही शैक्षणिक पहल में विशेष रुचि दिखाई और कहा कि जापान के बच्चे भी गणित को पारंपरिक तरीकों से अलग, रोचक और मनोरंजक ढंग से सीखना चाहते हैं।
इस सम्मान पर आनंद कुमार ने कहा, "यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि दुनिया के उन तमाम बच्चों का है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सुपर 30 से सुपर इन्फिनिटी तक मेरी यात्रा का एक ही उद्देश्य रहा है कि दुनिया का कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण अच्छी शिक्षा से वंचित न रहे।" उन्होंने अत्सुहिरो होरिउची और CGC Group के पूरे परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
