रिपब्लिकन सेना चीफ आनंदराज अंबेडकर ने जालना में पार्टी के 28वें स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र सरकार की जल संरक्षण नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां बारिश ही नहीं हुई, वहां पानी रोकने का सवाल कैसे पैदा होता है। इस दौरान उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का नाम लेकर टिप्पणी की, जिससे 2013 का पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया। अंबेडकर ने सफाई दी कि उन्होंने अजित पवार का नाम व्यंग्य के तौर पर लिया था और यह इशारा उनके अतीत में पानी की कमी पर दिए गए बयानों की तरफ था।
अप्रैल 2013 में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सूखे और खाली बांधों के बीच एक विवादित बयान दिया था, जिस पर देशभर में हंगामा हुआ था। उस वक्त सोलापुर के किसान भैय्या देशमुख मुंबई के आजाद मैदान में 55 दिन से भूख हड़ताल पर थे और उजनी डैम से उनके खेतों के लिए पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। बवाल बढ़ने पर अजित पवार को दो बार माफी मांगनी पड़ी थी और उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणी सूखा पीड़ितों के लिए नहीं थी।
अंबेडकर ने सिर्फ नीति पर सवाल नहीं उठाया, बल्कि यह आरोप भी लगाया कि महाराष्ट्र का सूखा कुदरती नहीं, बल्कि मैन-मेड है और नेताओं की खराब प्लानिंग ने इसे पैदा किया है। सरकार की नीति ‘पानी रोको, पानी रिचार्ज करो’ है।
सरकारी GR, IMD और जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य का 86% से ज्यादा हिस्सा सूखे की चपेट में है। सोलापुर, बीड, धाराशिव, जालना और यवतमाल में बारिश सबसे कम हुई है, बांध सबसे खाली हैं और किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 310 तालुका सूखाग्रस्त हैं और बांधों में 26% पानी कम है।
