कानपुर चिड़ियाघर में पिछले चार महीनों के दौरान 30 से अधिक वन्यजीवों की मौत हो चुकी है। इन मौतों में शनिवार शाम सर्पदंश से वालाबी की जान जाना और कुछ दिनों पहले जन्म लेते ही जेब्रा के बच्चे की मौत भी शामिल है। इन घटनाओं ने चिड़ियाघर में वन्यजीवों की स्वास्थ्य निगरानी, गर्भवती मादाओं की देखभाल और पशु चिकित्सकीय तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सितंबर से 22 नवंबर तक चिड़ियाघर में कई जानवरों की मौत हुई। मृत वन्यजीवों में निमोनिया से पांच बत्तखें, तीन चिंकारा हिरण, तीन चीतल हिरण, छह हिरण, एक जंगली भैंसा, एक जेब्रा का बच्चा, पांच गैंगेटिक घड़ियाल, मुरादाबाद से लाया गया गुलदार और अब वालाबी शामिल हैं। रेंजर फिरोज खान के मुताबिक चिड़ियाघर में बाड़ों की नियमित निगरानी के साथ समय-समय पर जानवरों का उपचार किया जाता रहा है और कई जानवरों को बीमारी से बचाने के लिए टीका भी लगवाया गया। मौसम में बदलाव आने पर जानवरों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
दो वर्ष पहले वनतारा से जेब्रा का जोड़ा कानपुर चिड़ियाघर लाया गया था। पिछले वर्ष भी मादा जेब्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई थी। अब दूसरी बार बच्चे की मौत होने से गर्भावस्था के दौरान की गई निगरानी और स्वास्थ्य जांच पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
वन्यजीवों की देखरेख पर हर महीने लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद चिड़ियाघर प्रशासन इनकी जान बचा पाने में नाकाम रहा है। चार महीनों में 30 से अधिक जानवरों की मौत ने निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
