बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक किराना व्यापारी से 11 लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहले चार पहिया वाहन से उनकी बाइक को टक्कर मारकर खंती में गिराया और फिर बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग, मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात लूट लिए। घटना में व्यापारी घायल भी हुए हैं। सूचना मिलने पर सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित का अनुमान है कि वारदात में करीब पांच बदमाश शामिल रहे होंगे। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है और जांच के लिए फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बिल्सी के गांव भतरी गोवर्धनपुर निवासी सिद्धांत कुमार शर्मा उर्फ मोनू दिल्ली और गाजियाबाद से ड्राई फ्रूट्स समेत किराने का सामान लाकर बदायूं जिले के व्यापारियों को सप्लाई करते हैं। रविवार को वह अपने मामा राजीव शर्मा के साथ गांव आए थे। शाम को वह बदायूं, आंवला, फैजगंज बेहटा, बिल्सी और बिसौली के दुकानदारों से तकादे की रकम लेकर बाइक से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि हैवतपुर और बधौली के बीच पहुंचने पर चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे बाइक समेत खंती में जा गिरे। बाहर निकलते ही पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें घेर लिया और विरोध करने पर धमकाया। सिद्धांत के मुताबिक कार में सवार लोग भी बाइक सवार बदमाशों के साथ थे।
घटना के दौरान व्यापारी की मां का फोन आना अहम पहलू माना जा रहा है। मां सोनू शर्मा ने बेटे से खाने के बारे में पूछने के लिए कॉल की थी, इसी दौरान छीना-झपटी में फोन उठ गया। मां के मुताबिक फोन पर उन्होंने बेटे की आवाज सुनी, जो बदमाशों से खुद को छोड़ने की गुहार लगा रहा था। बदमाश बेटे से बैग और पर्स मांग रहे थे, जिस पर वह सामान देने से मना कर रहा था और बदमाश उसे धमका रहे थे। कुछ समय बाद पुलिस से घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं। मां ने बताया कि करीब आधे घंटे तक पुलिस ने बेटे से पूछताछ की, इसके बाद उसे थाने ले गई। माना जा रहा है कि पुलिस सबसे पहले सिद्धांत से ही पूछताछ करेगी कि उसने कहां-कहां से कितना तकादा वसूला था।
